होली का त्योहार मनाने के बाद महानगरों से घर आए लोग अब लौटने के लिए ट्रेनों में आरक्षण कराने को लेकर परेशान हैं। रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर इन दिनों टिकट के लिए लंबी कतार लग रही है। घंटों कतार में लगने के बाद भी कई यात्रियों को कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इसकी वजह से उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है या फिर बिचौलियों को अधिक रुपये देकर तत्काल टिकट की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
जिले से होकर महानगरों की ओर जाने वाली गोदान एक्सप्रेस, उत्सर्ग एक्सप्रेस, ताप्ती गंगा एक्सप्रेस व कैफियात एक्सप्रेस समेत सभी ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट से यात्री परेशान हैं। इनमें सौ से अधिक वेटिंग चल रही है। अब यात्रियों को तत्काल टिकट ही सहारा बना हुआ है। होली खत्म होते ही परेदसी रेलवे स्टेशन पर टिकट के लिए लंबी कतार लगा रहे हैं ताकि उन्हें तत्काल टिकट मिल सके। कुछ लोग तो भोर से ही लाइन में लग जा रहे हैं। उक्त लाइन में लगे मात्र चार से आठ यात्रियों को ही कंफर्म टिकट नसीब हो रहा है। बाकी को मायूसी हाथ लग रही है। कारण कि जिस यात्री का पहला व दूसरा नंबर लगता है उसी का कंफर्म टिकट बन पाता है। वहीं बाकी लोगों को वापस लौटना पड़ता है। अब काउंटर पर भीड़ देखने को मिल रही है।
-
रोडवेज पर हो रही भीड़
आजमगढ़। होली का त्योहार समाप्त होते ही सभी लोग अपने काम पर लौटने शुरू हो गए हैं। ऐसे में रोडवेज पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालांकि रोडवेज के बेड़े में पर्याप्त बसें हैं जो विभिन्न रूटों पर चलाई जा रही हैं। विभाग की मानें तो दो से तीन दिन में सब सामान्य हो जाएगा। इससे लोगों को राहत मिलेगी।