आजमगढ़। एआरटीओ कार्यालय में दलालों के प्रवेश वर्जित होने का परिणाम रहा कि सोमवार को एक मनबढ़ दफ्तर में घुस गया और लाइसेंस नवीनीकरण के लिए फोटो खिंचने वाले प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी को पीटकर घायल कर दिया।
सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे हुई इस घटना के बाद कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। साथ ही दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना के दूसरे दिन मंगलवार की दोपहर 12 बजे तक कार्यालय का ताला नहीं खुला। कार्यालय में ताला लटकने की वजह से दूरदराज के लोग जहां हलाकान रहे।
वहीं कार्यालय के कर्मचारी आरटीओ को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग की है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को भी भेज दी गई। आरटीओ के आश्वासन पर 12 बजे के बाद कार्य सुचारू हो पाया।
सिधारी थाना क्षेत्र के हरबंशपुर मुहल्ले में स्थित आरटीओ और एआरटीओ का कार्यालय स्थित है। जिसमें सोमवार की सुबह एआरटीओ दफ्तर में तैनात प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी अशोक मौर्या डीएल बनाने के लिए लोगों का फोटो खिंच रहा था।
तभी एक मनबढ़ फोटो खिंचवाने पहुंचा। अशोक ने थोड़े देर बाद आने की बात कही तो वह दफ्तर में घुसकर उसे लात, घूसों से पीटकर घायल कर दिया। इस मामले से नाराज कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया और दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने लगे।
साथ ही सिधारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। दूसरे दिन भी काम पर न लौट कर्मचारी नेताओं के साथ आरटीओ से मिले और सुरक्षा की मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा। इस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर को भी भेजी गई। आरटीओ दरोगा सिंह के आश्वासन पर दोपहर 12 बजे के बाद सभी कर्मचारी काम पर लौट आए।
महत्वपूर्ण कार्य रहे प्रभावित
आजमगढ़। सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे से लेकर मंगलवार की दोपहर 12 बजे तक एआरटीओ दफ्तर में कोई काम न होने से जहां आमजन को परेशानी के दौर से गुजरना पड़ा। वहीं विभाग के तमाम महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित रहे।
इस दौरान जहां डीएल के नवीनीकरण का कार्य पूरी तरह से ठप रहा। वहीं वाहनों के रजिस्ट्रेशन, वाहन कागजात के ट्रांसफार्मर आदि का कार्य पूरी तरह से ठप रहा। लाटघाट से आए जयराम ने बताया कि ट्रक की फिटनेस के लिए आए थे।
आज आखिरी दिन था। अब छह सौ रुपये रोज के हिसाब से पेनाल्टी लगेगी। इसी तरह गोसाई की बाजार से आए अरविंद ने बताया कि मैजिक वाहन की फिटनेस की आज आखिरी तारीख थी। अब 50 रुपये रोज जुर्माना लगेगा। कई लोग डीएल के लिए फीस आनलाइन भर चुके थे। उनकी लर्निंग की आज अंतिम डेट थी। इससे उनका पैसा डूब जाएगा।
डीएल का होगा नवीनीकरण
आजमगढ़। एआरटीओ कार्यालय के आनलाइन वेबसाइटों पर ज्यादातर लोग डीएल बनाने का फार्म भर दिए और आनलाइन पेमेंट भी कर दिया। ऐसे लोग जिनका सोमवार या मंगलवार तक नवीनीकरण किया जाना था।
उन लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस को बगैर कोई अतिरिक्त शुल्क के नवीनीकरण किया जाएगा। क्योंकि उन लोगों ने पैसा भर दिया है। कार्यालय में बवाल होने की वजह से नवीनकरण नहीं हो सका है। इसके लिए अधिकारियों ने उच्चाधिकारियों से भी वार्ता कर लिया है। उनके निर्देश पर यह पहल की जाएगी।
चार्ज संभालने के बाद मैंने पूरी तरह से दलालों का प्रवेश वर्जित कर दिया है। इसके चलते मनबढ़ अक्सर विवाद करते रहते हैं। दफ्तर में घुसकर मारपीट करने के बाद कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया था। लेकिन दूसरे दिन मंगलवार की दोपहर 12 बजे के बाद आरटीओ के आश्वासन पर सभी लोग काम पर लौट आए। - बीके पांडेय, एआरटीओ, प्रशासन