मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो में संपत्ति विवाद में मोहम्मद ताहिर (30) की हत्या कर दी गई।
पत्नी शबाना बानो का आरोप है कि मंगलवार रात करीब 11 बजे सास-ससुर, देवर, देवरानी-जेठानी समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने मोहम्मद ताहिर के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया फिर कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई कर दी। अधमरा करके घर के बाहर फेंक दिया।
पुलिस की मदद से ताहिर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान रात तीन बजे मौत हो गई।
आरोपियों ने बीचबचाव करने पर शबाना बानो और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे को भी पीटा है। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पड़ोसियों ने मामले की सूचना डायल 112 के जरिये पुलिस को दी। थाने की पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अमिलो में मोहम्मद ताहिर की हत्या के पीछे पारिवारिक संपत्ति विवाद मुख्य कारण है। सीओ के मुताबिक, ताहिर को उसके पिता ने पैतृक संपत्ति से बेदखल कर दिया था। इससे नाराज मोहम्मद ताहिर ने न्यायालय में मुकदमा कराया था। इसी मुकदमे को वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा था। इस वजह से पारिवारिक तनाव बढ़ गया था।
मोहम्मद ताहिर छह भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। परिवार के दो भाई बाहर रहकर काम करते हैं जबकि घर पर पिता, भाई मोहम्मद आमिर, कासिफ कमर, मोहम्मद सलीम, पत्नी शबाना, डेढ़ वर्षीय पुत्र, रेहाना खातून व नसीमा बानो रहते हैं।
वारदात की रात संपत्ति विवाद को लेकर कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि पिता, माता और भाइयों ने मिलकर मोहम्मद ताहिर, उसकी पत्नी और मासूम बेटे को पीट दिया। पड़ोसियों और पुलिस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मोहम्मद ताहिर की मौत हो गई। सूचना के बाद थाने की पुलिस सुबह मौके पर पहुंची और पांच लोगों को हिरासत में लिया।