फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों के दिल की सुनें मोदी जी : राहुल

Sun, 11 Sep 2016 12:39 AM IST
रोहित चतुर्वेदी/ विनोद तिवारी/आजमगढ
विज्ञापन
राहुल गांधी
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के लिए सियासी जमीन तैयार कर रहे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर करारा हमला बोला है। शनिवार को यहां खाट सभा में मौजूद किसानों और नौजवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी ने देश से अपने मन की बात करते हैं, उन्हें किसानों के दिल की भी सुननी चाहिए। चाहता हूं कि मोदी जी किसानों से बात करें, उनके पास आएं और उनसे मिलें। अगर वो नहीं सुनते हैं तो हम सुनेंगे।
विज्ञापन


कहा कि मोदी जी ने एक लाख दस हजार करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया, मगर यह देश के चुनिंदा उद्योगपतियों का है। कर्ज में डूबे किसान उन्हें नजर ही नहीं आए। उद्योगपतियों के कर्ज के तौर पर माफ की गई धनराशि मनरेगा के बजट का तीन गुना है। इससे पहले राहुल ने जौनपुर जिले में रोड शो के दौरान शाहगंज और खेतासराय की नुक्कड़ सभाओं में एलान किया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर एक मिनट में किसानों के सारे कर्ज माफ कर दिए जाएंगे। बिजली का बिल आधा कर दिया जाएगा और कृषि उत्पादों का समर्थन मूल्य बढ़ाया जाएगा।

 राहुल ने कहा कि किसानों का हमदर्द बनकर चुनाव में वोट हासिल करने वाले मोदी ने दो साल से अधिक समय में किसानों के लिए कुछ भी नहीं किया। कर्ज में डूबे किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं और प्रधानमंत्री विदेश घूम रहे हैं। कहा, खाट सभा में आए किसान खाट ले गए तो मीडिया में आया कि किसान खाट चुरा ले गए। बीजेपी के लोगों ने किसानों को चोर कहा। मगर मोदी जी के दोस्त विजय माल्या देश को नौ हजार करोड़ रुपया लेकर देश से चले गए, सरकार उन्हें डिफाल्टर बताती है। किसान चोर हो गया और माल्या डिफाल्टर।
विज्ञापन


किसानों से उनका दुख दर्द सुनने के दौरान ही राहुल ने सपा और बसपा को भी निशाने पर लिया। कहा कि पहले यूपी के लोगों की शिकायत थी कि केंद्र से पैसा आता है मगर हाथी खा जाता है। विकास न होने से नाराज लेागों ने सपा को मौका दिया। अखिलेश साइकल का पैडल तो चला रहे मगर साइकल आगे बढ़ नहीं रही। साइकल पंचर हो गई है। बिजली पर प्रदेश सरकार की चुटकी ली और कहा कि यहां बिजली आती नहीं, बिल पहले आ जाता है। 

 तय समय से दो घंटे देर से पहुंचे राहुल ने किसानों के कर्ज माफी का मुद्दा उठाया और वादा किया कि यूपी में सत्ता में आते ही किसानों के सारे कर्ज माफ होंगे। खाट सभा में चुनिंदा किसानों ने कांग्रेस उपाध्यक्ष को बताया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर सरकार ने उनकी जमीन ली मगर मुआवजा आज तक नहीं मिला। खाट सभा के बाद राहुल का काफिला रानी की सराय के लिए रवाना हो गया। रानी की सराय में जनसभा को संबोधित करने के बाद राहुल सर्किट हाउस पहुंचे और यहीं रात्रि विश्राम किया।

इससे पहले जौनपुर में करीब दो घंटे देरी से दोपहर करीब डेढ़ बजे शाहगंज से शुरू हुई राहुल की यात्रा शाम 4:15 बजे भंडारी स्टेशन पहुंची। नगर कोतवाली चौराहे पर मौजूद भारी भीड़ के बीच युवाओं से सीधा संवाद किया। अपनी यात्रा का मकसद बताते हुए कहा कि वह देवरिया से दिल्ली की यात्रा पर यह बताने के लिए निकले हैं कि कर्ज के बोझ से दबे किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं और केंद्र सरकार को उनकी चिंता नहीं है।

उन्होंने युवाओं से सवाल पूछा कि चुनाव के समय नरेंद्र मोदी ने सवा करोड़ युवाओं को नौकरी देने की बात कही थी। इतनी भारी भीड़ यहां है, क्या किसी को नौकरी मिली? भीड़ से जवाब आया नहीं। उन्होंने अगला सवाल किया कि चुनाव के समय मोदी ने प्रत्येक परिवार को 15 लाख रुपये बैंक खाते में भेजने का वादा किया था। किसी के खाते में 15 लाख आया क्या? भीड़ से एक स्वर में जवाब आया- नहीं। उन्होंने अपने स्वागत के लिए लोगों को धन्यवाद दिया और अभिवादन किया।

 यात्रा में राहुल गांधी के साथ कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद, राष्ट्रीय सचिव राणा गोस्वामी, डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र, प्रदेश उपाध्यक्ष दिग्विजय सिंह, विधायक अजय राय, नगर विधायक नदीम जावेद, कांग्रेस की प्रदेश सचिव श्वेता राय और जिलाध्यक्ष इंद्रभुवन सिंह प्रमुख रूप से शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें