सगे भाइयों की करोड़ों की संपत्ति कुर्क
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के आजमगढ़ में अवैध शराब कारोबारियों पर पुलिस- प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को कुख्यात अवैध शराब कारोबारी सगे भाई राजेश अग्रहरी व बृजेश अग्रहरी पुत्रगण रामधनी की डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की संपत्ति कुर्क की गई। जिलाधिकारी राजेश कुमार के निर्देश पर एसपी अनुराग आर्य ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
इसे लेकर अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप सरीखा माहौल बना हुआ है। पवई थाना क्षेत्र के मित्तूपुर में अवैध शराब के सेवन से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। काफी संख्या में लोगों के आंखों की रोशनी भी चली गई थी। एक सप्ताह तक जहरीली शराब का तांडव चला था।
मकान से बरामद हुआ था भारी मात्रा में अवैध शराब
मित्तूपुर निवासी राजेश अग्रहरी व बृजेश अग्रहरी पुत्रगण रामधनी के एक मकान से भारी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। गैंगस्टर के तहत इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। जांच में इन दोनों सगे भाइयों व मां के नाम से अवैध शराब व्यवसाय के बल पर क्रय की गई डेढ़ करोड़ की संपत्ति चिन्हित की गई। जो वर्तमान बाजार में लगभग तीन करोड़ की है।