पुलिस लाइन के मेस और बैरक में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिलने पर प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा को निलंबित कर दिया गया है। एडीजी जोन वाराणसी नवीन अरोड़ा के निर्देश पर एसपी डॉ. अनिल कुमार ने यह कार्रवाई की है। एडीजी ने दो और तीन नवंबर को जनपद के दो दिवसीय वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा ने तीन नवंबर को पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेने के बाद नौ टोलियों का निरीक्षण किया था। इस दौरान पुलिसकर्मियों के अनुशासन, टर्नआउट और प्रदर्शन का जायजा लिया था। मेस और बैरक का निरीक्षण करने पर वहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं मिली थीं। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रतिसार निरीक्षक की कार्यशैली पर सवाल उठाए और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के आरोप में प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा को निलंबित कर दिया।
अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोड़ा के निरीक्षण के दौरान मेस और बैरक में व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं मिली थीं। इसी लापरवाही काे लेकर पुलिस अधीक्षक ने प्रतिसार निरीक्षक को निलंबित कर दिया है।- मानुष पारीक, एसपी सिटी।