सराय रानी रेलवे स्टेशन पर धरने पर बैठे समिति के लोग। संवाद
सराय रानी रेलवे स्टेशन को फिर से सिटी स्टेशन का दर्जा देने, प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू कराने और यात्री सुविधाओं में इजाफा करने की मांग को लेकर आवाज तेज हो गई है। बुधवार को सराय रानी विकास समिति के सदस्यों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया।
इसके बाद परिसर में साफ-सफाई अभियान चलाकर रेलवे प्रशासन का ध्यान समस्याओं की ओर खींचा। समिति ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।
समिति के अजय सैनी ने बताया कि आजमगढ़-शाहगंज रेल मार्ग पर शहर से करीब सात किलोमीटर दूर स्थित सराय रानी स्टेशन आसपास के दर्जनों गांवों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद यहां पर्याप्त ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ती है।
प्रदर्शन में अमरजीत यादव, दिलीप ठठेरा, विष्णु देव पटवा, महेश वर्मा, बृजबिहारी वर्मा, जय प्रकाश, रामप्रवेश, अनिल यादव, सचिन वर्मा, रजनीश, सुभाष वर्नवाल, संतोष यादव, मोतीलाल और अंकुर शामिल रहे।