सगड़ी। लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष उत्तम कुमार सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने मंगलवार को सगड़ी तहसील परिसर में विरोध-प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। लेखपालों ने उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी।
लेखपालों का कहना था कि नौ अगस्त को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुधीर जायसवाल द्वारा करीब 12.30 बजे राहत सामग्री का वितरण किया जा रहा था। इसी दौरान प्रधानपतियों द्वारा लेखपाल के साथ अभद्रता की गई। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें मारापीटा गया। इसे लेकर नौ अगस्त को महाराजगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से लेखपाल संघ काफी आक्रोश मेें है। तहसील अध्यक्ष उत्तम कुमार सिंह ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो हम लोग 12 अगस्त को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। संतोष कुमार शर्मा, राम सागर, सुधीर जायसवाल, निर्भय कुमार, शिल्पा यादव व आकांक्षा यादव सहित आदि लेखपाल उपस्थित थे।