पवई। स्थानीय थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर गांव निवासी एक युवक सोमवार की सुबह मछली मारने के लिए कुंवर नदी पर गया था। इसी दौरान नदी पार करते समय वह डूब गया। काफी तलाश के बाद भी सोमवार की देर शाम तक शव बरामद नहीं हुआ था। मंगलवार की भोर में पांच बजे शव नदी में उतराया हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुंवर नदी में खैरूद्दीनपुर गांव निवासी राजू उर्फ दिवाकर (24) पुत्र राधेश्याम मछली मारने के लिए गए थे। नदी पर कुछ और लोग भी जगह-जगह बैठ कर कांटा लगा कर मछली मार रहे थे। राजू को जाने क्या सुझा कि वह नदी में छलांग लगा दिया और तैर कर दूसरे पार जाने लगा। अभी वह आधी नदी ही तैर कर पार किया था कि अचानक वह डूबने लगा। उसे डूबता देख नदी किनारे मौजूद अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में दो-तीन युवक उसे बचाने के लिए कुदे लेकिन वे जब तक उसके पास पहुंचते तब तक वह नदी में डूब चुका था। मंगलवार सुबह पांच बजे राजू का शव नदी में उतराया मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पवई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाईयों में बड़ा है।