मालटारी गांव में मृतक बरखूराम के रोते बिलखते परिजन और पुत्रियां।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़सरा गांव में मंगलवार को दिन में निर्माणाधीन मकान पर सरिया चढ़ाते समय हाईटेंशन तार की चपेट में आकर मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक आठ पुत्रियों का पिता था और पत्नी की भी कुछ माह पूर्व मौत हो चुकी है।
जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सराय सागर मालटारी गांव निवासी 50 वर्षीय बरखु पुत्र सोम्मर मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता था। मंगलवार को वह बड़सरा गांव निवासी सुरेंद्र मौर्या के निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा था। मकान पर छत ढाली जानी थी, जिसके लिए मंगलवार को सरिया आदि बांधी जा रही थी। बरखु छत पर सरिया चढ़ा रहा था कि इसी दौरान सरिया बगल से गुजरे हाईटेंशन तार से सट गई। इससे सरिया में भी करंट प्रवाहित हो गया और उसकी चपेट में आकर बरखु गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना को देख मौके पर हड़कंप मच गया। किसी तरह लोगों ने सरिया को तार से अलग किया और फिर बरखु को इलाज के लिए लेकर चिकित्सक के पास पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची जीयनपुर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत मजदूर आठ पुत्रियों का पिता था, पत्नी की कुछ माह पूर्व मौत हो चुकी है। घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा है।