आजमगढ़ जिले के माहुल नगर पंचायत में हुए विकास कार्यों का मंगलवार को एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान मानक के अनुसार इंटरलॉकिंग का निर्माण न पाए जाने पर ईओ दिनेश चंद्र आर्य को जमकर फटकार लगाई। स्ट्रीट लाइट आदि का निरीक्षण कर जगह-जगह खुदाई करा कर निर्माण सामग्री का सैम्पल भी लिया।
वर्ष 2017 में माहुल नगर पंचायत को पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत के तहत चयनित किया गया था। योजना के तहत विकास के लिए नगर पंचायत को करोड़ का बजट मिला है। नगर पंचायत की ओर से विभिन्न वार्डों में इंटरलॉकिंग, सीसी रोड, नाली, और स्ट्रीट लाइट आदि के कार्य कराए गए हैं। डीएम के निर्देश पर जिसका निरीक्षण एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह और एसडीएम फूलपुर रावेंद्र सिंह ने किया। वार्ड गांधीनगर में जूनियर हाईस्कूल के बगल में बने इंटरलॉकिंग की ईंट को उखाड़ कर खुदाई करा गिट्टी आदि की जांच की। इंटरलॉकिंग को मानक के अनुरूप न पाए जाने पर ईओ दिनेश चंद्र आर्या को जमकर फटकार लगाई। वार्ड तीन के हिन्द बालिका विद्यालय के पास बहेलियाना मोहल्ले में जाने वाले मार्ग और वार्ड 11 में लगी स्ट्रीट लाइट आदि का निरीक्षण किया। जगह-जगह खुदाई करा कर निर्माण सामग्री का सैम्पल भी लिया। नरेंद्र सिंह ने कहा कि आदर्श नगर पंचायत योजना के तहत कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया गया है। सैम्पल को प्रयोगशाला के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। चेयरमैन बदरे आलम, भालचंद्र राय, प्रभाकर यादव, नीरज मौर्य, दिनेश, महेंद्र शर्मा, सोनू यादव आदि रहे।