अहरौला में गिरी मकान की रेलिंग। संवाद
जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बृहस्पतिवार को अलग-अलग क्षेत्रों में दीवार और रेलिंग गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए। कई स्थानों पर मकानों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचा।
देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बेरवा विशंभरपुर गांव में एक मकान पर रेलिंग का कार्य करते समय लाल बहादुर बनवासी (55) और अल्ताफ (32) के ऊपर दीवार गिर गई।
दोनों को लालगंज के संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने लाल बहादुर को मृत घोषित कर दिया। अल्ताफ का उपचार किया गया। कोतवाली प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।
उधर, अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया बाजार में बुधवार शाम लगातार बारिश के बीच दो मंजिला मकान की छत पर बनी रेलिंग अचानक गिर गई। इसकी चपेट में आने से भूतल पर स्थित कॉस्मेटिक की दो दुकानों को नुकसान पहुंचा।
दुकान के पास खड़ी रोशनी (मकान मालिक के साढ़ू की पुत्री) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे माहुल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुकानदार अरबाज और एकलाख के अनुसार, दोनों दुकानों में 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक और लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील मुख्यालय भेज दी।
वहीं, पवई क्षेत्र की राजभर बस्ती में बृहस्पतिवार भोर लगातार बारिश के कारण अवधेश राजभर के कच्चे मकान की दीवार ढह गई। संयोग से उस समय परिवार के सभी सदस्य मकान के पिछले हिस्से में सो रहे थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। तेज आवाज सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने परिवार के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।