आजमगढ़। पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के बीच बृहस्पतिवार को आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। रसोईं गैस का सिलिंडर के दाम फिर बढ़ गए हैं। अब 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलिंडर के दाम फरवरी माह में तीसरी बार बढ़ाए हैं। इसके पहले चार फरवरी और 14 फरवरी को दाम बढ़ाए गए थे। बिना सब्सिडी वाले सिलिंडर के दाम में बृहस्पतिवार को 25 रुपये तक का इजाफा किया गया है। ऐसे में आम आदमी का रसोई का बजट बिगड़ता जा रहा है।
महीने में लगातार तीसरी बार घरेलू गैस सिलिंडर का दम बढ़ने से आम आदमी को फिर आर्थिक झटका लगा है। फरवरी की शुरुआत में जहां इसके दामों में 25.50 रुपये की वृद्धि हुई थी, वहीं 14 फरवरी को इसमें 50 रुपये की वृद्धि हुई थी और अब फिर 25 रुपये की वृद्धि हुई है। इसके बाद रसोई गैस सिलिंडर के दाम अब 787.50 रुपये हो गए हैं। वहीं व्यावसायिक सिलिंडर के दामों में 18 रुपये की कटौती की गई है। महीने में तीसरी बार 25 रुपये और गैस के दाम बढ़ गए। पहले जहां कुल 850 रुपये देने थे। वहीं अब 875 रुपये देने होंगे। पहले जहां गैस सिलेंडर के दाम महीने में एक या दो बार बढ़ते थे वहीं अब इस महीने तीसरी बार बढ़े हैं। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।