आजमगढ़। सुहागिनों ने पति के दीर्घायु व अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर बृहस्पतिवार को वट सावित्री का पर्व मनाया। शृंगार कर महिलाएं बांस की डलिया में पूजन सामग्री लेकर वट वृक्ष के नीचे विधि-विधान के साथ पूजन किया।
नगर के बड़ादेव स्थित वट वृक्ष के नीचे सुबह ही सुहागिन महिलाएं पहुंच गई थीं। सुहागिनों ने अपने सुहाग व संतान की दीर्घायु की मंगलकामना की। सुहागिनों ने वट सावित्री कथा में सावित्री और सत्यवान की कथा का श्रवण किया। उसके बाद संकल्प के साथ वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चे सूत से वट वृक्ष को लपेटा।
मौके पर पुरोहित को शृंगार सामग्री व ऋतु फल दान किया। फिर परंपरा के अनुसार, घर पहुंच कर अपने सुहाग व संतान को प्रसाद का सेवन कराया। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी वट वृक्ष के छांव तले आस्था के साथ वट सावित्री की पूजा की गई। उन्होंने पति की लंबी आयु के लिए परंपरा के अनुसार सोलह श्रृंगार कर वृक्ष की परिक्रमा कर वट में धागा लपेटा। मौके पर पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई।