कस्बे के नंदाव मोड़ पर मंगलवार को पूर्व जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस नेता राजनेत यादव को पुलिस के विरुद्ध धरना देना उस समय भारी पड़ गया, जब माइक से अपशब्दों की बौछार करने के बाद वे सड़क जाम करने लगे। रोकने गई पुलिस से उनकी हाथापाई हुई।
इसके बाद पुलिस ने राजनेत यादव को हिरासत में ले लिया और लाठियां भांज कर लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस और राजनेत समर्थकों के बीच हुए हंगामे से सरायमीर बाजार में काफी देर तक हड़कंप की स्थित रही।
सरायमीर थाने के खानपुर गांव निवासी राजनेत यादव पूर्व जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं। क्षेत्र में अपनी सक्रियता भी बनाए रखते हैं। पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में मंगलवार को सरायमीर थाने के नंदाव मोड़ पर कांग्रेसजनों ने धरना दिया था।
राजनेत यादव के साथ धरने में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डा. लालती देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे। सुरक्षा की दृष्टि से एसडीएम निजामाबाद रामगोपाल सिंह, सीओ फूलपुर रमेश चंद पाठक, कोतवाल फूलपुर राजीव प्रताप सिंह, एसओ सरायमीर तेजबहादुर सिंह मय फोर्स और पीएसी के साथ मौजूद थे।
धरने को संबोधित करते हुए राजनेत ने सरायमीर पुलिस पर जम कर निशाना साधा। इस दौरान वह पुलिस के लिए कुछ अपशब्द भी कह गए। धरने के बाद कांग्रेसजनों ने आजमगढ़-लखनऊ मुख्य मार्ग पर ट्रैक्टर ट्राली खड़ा कर जाम लगा दिया। राजनेत स्वयं सड़क पर लेट गए। सीओ रमेशचंद पाठक जाम खुलवाने गए तो राजनेत समर्थकों के साथ उनसे उलझ गए। इस घटना से नाराज पुलिस वालों ने लाठियां भांजनी शुरू की मौके पर मौजूद भीड़ और अन्य नेता भाग खड़े हुए । इसके बाद पुलिस ने राजनेत को हिरासत में ले लिया।
बाद में पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ डा. लालती देवी अन्य महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी की। थानाध्यक्ष सरायमीर तेजबहादुर सिंह ने बताया कि सड़क जाम किए जाने पर लाठी भांजने की नौबत आई। राजनेत को हिरासत में लिया गया है। घटना के संबंध में अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं है, कार्रवाई की जाएगी।