दो थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसे में जहां ट्रक से कुचल कर युवक की मौत हो गई तो वहीं आटो रिक्शा पलट जाने से महिला सहित तीन लोग घ्ाायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कप्तानगंज संवाददाता के अनुसार, कंधरापुर बाजार में गुरुवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रक से कुचलकर साइकल सवार युवक की मौत हो गई। वह बाजार के रहने वाले एक व्यक्ति की दाढ़ी उसके घर से बनाकर दूकान पर लौट रहा था कि हादसे का शिकार हो गया।
कमलेश शर्मा (30) पुत्र हरिहर कंधरापुर थाना क्षेत्र के आखापुर गांव का निवासी था। पांच भाइयों में तीसरे नंबर का कमलेश कंधरापुर बाजार में किराए का कमरा लेकर सैलून की दुकान खोले हुए था। बाजार के रहने वाले एक व्यक्ति की तबियत खराब थी। इसके चलते कमलेश उसके घर पर दाढ़ी और बाल काटने गया था। काम करने के बाद कमलेश उसके यहां से साइकल से दुकान लौट रहा था। बाजार में स्थित मंदिर के पास जैसे ही वह पहुंचा था पीछे से गिट्टी लदे ट्रक ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल कमलेश की मौके पर ही मौत हो गई। दो बच्चों के पिता कमलेश के मौत की सूचना पर उसकी पत्नी रीना देवी सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
बलरामपुर संवाददाता के अनुसार, जहानागंज थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह अनियंत्रित आटोरिक्शा पलट गया। आटो के नीचे दबकर एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों में कैलाश (35) पुत्र मदन मऊ जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के खंडमिलिया गांव निवासी, सत्यपाल (26) पुत्र झम्मन लाल, सुमित्रा देवी (45) पत्नी बसंता सिधारी थाना क्षेत्र के खेमऊपुर गांव के रहने वाले हैं। यह तीनों लोग जिला मुख्यालय से आटोरिक्शा में सवार होकर कहीं जा रहे थे। दयालपुर गांव के पास आटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें दबकर तीनों घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।