मेजवां। कोहरे व ठंड के कारण ट्रेनों की लेट लतीफी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जो ट्रेनें विलंब से चल रही हैं उनके देर से आने का समय धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। ऐसे में ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत में पड़ रहे जबरदस्त कोहरे से ट्रेनों का संचालन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इसमें शाहगंज आजमगढ़ के रास्ते दिल्ली से आजमगढ़ तक चलने वाली कैफियात डाउन (12226 ) बुधवार को आजमगढ़ 17 घंटा बिलंब से पहुंची। इसके चलते आजमगढ़ से बनकर दिल्ली तक जाने वाली कैफियात अप ( 12225) दूसरे दिन बृहस्पतिवार को आजमगढ़ से 13 घंटा विलंब से रवाना हुई।
कैफियात ट्रेन के अधिक लेट होने के चलते बहुतेरे यात्रियों ने अपना टिकट निरस्त करवा दिया। कैफियात के अधिक विलंब होने के कारण इस भीषण ठंड में आजमगढ़, सरायमीर, खुरासन रोड और समीपवर्ती शाहगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान खास तौर से बुजुर्ग और बच्चों को काफी दिक्कतें हुई।