आजमगढ़। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे से ट्रेनों के परिचालन पर गंभीर असर पड़ रहा है। इससे दिल्ली से आजमगढ़ के लिए चलने वाली कैफियात डाउन (12226) ट्रेन नौ घंटे देर से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके परिणामस्वरूप आजमगढ़ से दिल्ली जाने वाली कैफियात अप (12225) ट्रेन भी अपने निर्धारित समय से पांच घंटे लेट रवाना हुई।
रेल सूत्रों के अनुसार, कोहरे के चलते दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में ट्रेनों की गति धीमी कर दी है। चालक को आबादी वाले इलाकों में ट्रेन को विशेष सावधानी के साथ चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा घने कोहरे की वजह से कई ट्रेनों को अगले स्टेशनों पर घंटों रोकना पड़ा।ट्रेन की लेट लतीफी से यात्रियों को खासकर बच्चों और बुजुर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। शाहगंज, खोरासन रोड, सरायमीर और आजमगढ़ रेलवे स्टेशनों पर भी यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। रात के समय ग्रामीण इलाकों में परिवहन साधन उपलब्ध नहीं होने के कारण कई यात्रियों ने अपनी यात्रा रद्द कर दी। आजमगढ़ स्टेशन अधीक्षक डीवी सिंह ने बताया कि कैफियात डाउन ट्रेन आजमगढ़ में रात 8 बजे पहुंचने की संभावना है।