जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़
आजमगढ़। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, गर्दन की अकड़न और मांसपेशियों में खिंचाव की समस्या से परेशान मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। जिला अस्पताल के अर्थो सर्जन डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि ओपीडी में हर दिन लगभग 275 मरीज आ रहे हैं। इनमें करीब 75 प्रतिशत मरीजों में हड्डियों, जोड़ों और कमर दर्द, घुटनों के दर्द, मांसपेशियों में दर्द के मरीज हैं। उन्होंने बताया कि मौसम में नमी बढ़ने और तापमान में उतार-चढ़ाव होने से जोड़ों के आसपास की मांसपेशियां और ऊतक प्रभावित होते हैं। इससे दर्द और अकड़न की समस्या बढ़ जाती है। बारिश और उमस के दौरान शरीर की गतिविधियां कम हो जाती हैं। लोग व्यायाम और टहलना कम कर देते हैं।
इससे जोड़ों की लचक घटती है और दर्द की समस्या बढ़ती है। लंबे समय तक एक ही स्थिति में बैठकर काम करना, पर्याप्त पानी न पीना और पोषण की कमी भी परेशानी को बढ़ावा देती है।