मुबारकपुर। एसडीएम सदर और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गौरव कुमार सोमवार को दल बल के साथ मुबारकपुर जा धमके। उन्होंने नालों से अतिक्रमण हटवाया। इस कार्रवाई से कब्जा जमाकर बैठे लोगों में हड़कंप मच गया। लोग खुद ही अतिक्रमण वाली जगह से अपना सामान हटाते देखे गए।
सोमवार की दोपहर बाद मुबारकपुर पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सीधे गोआश्रय स्थल पहुंचे जहां उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों और कर्मचारियों को वहां की व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके बाद वह सीधे कस्बे में मातहतों संग पहुंचे और जेसीबी के सहारे नाले और नालियों पर लोगों द्वारा किए गए कब्जे को हटवाना शुरू कर दिया। उनके साथ में नपा के अधिशासी अधिकारी राजपति अविचल, जेई महावीर भारती, राजस्व निरीक्षक विनय सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल गुलाब यादव आदि रहे। इस दौरान उन्होंने अमिलो स्थित मुबारकपुर मुहम्मदाबाद रोड के दोनों ओर दुकानों मकानों द्वारा किये गए अतिक्रमण हटवाया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ जारी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। मुबारकपुर से अतिक्रमण हटाने के बाद आजमगढ़ नगर क्षेत्र का भी अतिक्रमण हटाया जाएगा।