चोरों की निशानदेही पर लाखों के जेवरात बरामद
दो अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पुलिस ने किया चोरी का खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र में हुई चोरी का शुक्रवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। विवेचना के दौरान प्रकाश में आए अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर इनकी निशानदेही पर पुलिस ने लगभग दो लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं।
रौनापार थाना क्षेत्र के भैसाड़ गांव निवासी अमित यादव के घर पर तीन माह पूर्व चोरी हुई थी। चोर में लाखों के जेवरात चुरा ले गए थे। अमित ने इस बाबत मुकदमा पंजीकृत कराया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने चोरी की इस घटना में शहर कोतवाली क्षेत्र के हीरापट्टी निवासी दिनेश उर्फ लकी पुत्र संतराज व देवदत्त उर्फ दीपक पुत्र श्याम प्यारे का नाम प्रकाश में लाया। ये दोनों एक जनवरी से ही किसी मामले में मऊ जेल में निरूद्ध है। विवेचना में नाम प्रकाश में आने पर पुलिस ने शुक्रवार को इन दोनों को रिमांड पर लिया और रिमांड के दौरान इनकी निशानदेही पर बाजार गोसाई बाजार स्थित अनिल प्रजापति पुत्र बालचंद के निर्माणाधीन मकान से 1.83 लाख रुपये कीमत के जेवरात को बरामद किया। चोरी के खुलासे व बरामदगी के बाद पुलिस ने दोनों चोरों को मऊ जिला कारागार भेज दिया गया।