मेंहनगर। एसडीएम आवास परिसर में स्थित सरकारी भवन में रहने वाले चार लेखपालों के कमरों के ताले तोड़कर चोरों ने मंगलवार को दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर 65 हजार रुपये और सोने के आभूषण लेकर भाग गए। प्रभारी थानाध्यक्ष जय प्रकाश यादव ने कहा कि पुलिस मौके पर गई थी और उसने जांच की है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
मेंहनगर-बिंद्रा बाजार मुख्य मार्ग पर स्थित एसडीएम आवास परिसर में सरकारी आवास के विभिन्न कमरों में लेखपाल निवास करते हैं। मंगलवार को सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रीय कार्यों में ड्यूटी पर थे। देर शाम जब वे लौटे तो चार लेखपाल के कमरों के ताले टूटे हुए थे।
लेखपाल अजय कुमार ने बताया कि जब वे कमरे में दाखिल हुए तो बक्सा टूटा मिला, सामान तितर-बितर था और 50 हजार रुपये के साथ पत्नी की सोने की बालियां और लॉकेट गायब थे। उन्होंने बताया कि उनकी सास का इलाज पीजीआई लखनऊ में चल रहा है, जिसके लिए उन्होंने साले से रकम मंगाई थी। उसी दौरान उनकी पत्नी और सास मायके चली गई थीं।
लेखपाल पंकज कुमार ने बताया कि उनके कमरे का बक्सा भी टूटा मिला और 15 हजार रुपये चोरी हो गए। साथ ही सरकारी कागजात और अन्य सामान अस्त-व्यस्त था।
लेखपाल संतोष मिश्रा और अजय सिंह के कमरों के ताले भी टूटे पाए गए। उनके कमरों में भी कागजात, सरकारी फाइलें और कपड़े बिखरे मिले। हालांकि वहां से नकदी की चोरी की पुष्टि नहीं हो सकी है।
पीड़ित लेखपालों ने बताया कि घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और औपचारिक जांच कर चली गई। लेकिन बुधवार दोपहर तक थाने से कोई भी अधिकारी या जांच टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लेखपालों में नाराजगी बढ़ गई है।