फूलपुर कस्बा के पुरानी मिर्चा मंडी के पास स्थित एक शिक्षक के घर में घुसे चोर लाखों के जेवरात व नकदी उठा ले गए। घटना के बाबत पीड़ित ने फूलपुर कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। घटना से क्षेत्र के लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के हसन गांव निवासी संजय कुमार पुत्र लालता राम जनता इंटर कालेज खुटौली में बतौर अध्यापक तैनात हैं। वह फूलपुर के पुरानी मिर्चा मंडी में मकान बनवा कर रहते हैं। एक मार्च को दिन में 11 बजे घर में ताला बंद कर वह रिश्तेदारी में चले गए थे। वापस लौटे तो घर के अंदर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। कमरों में बंद ताले टूटे हुए थे तो वहीं आलमारी व बक्सा खुला पड़ा था। पीड़ित के अनुसार चोर लगभग दस लाख के जेवरात के अलावा आठ हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए है। घटना के बाबत पीड़ित ने फूलपुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दिया है।
चोरों ने चटकाये तीन घरों का ताले
सरायमीर। थाना क्षेत्र के छित्तूपट्टी गांव में बृहस्पतिवार की रात चोर तीन घरों का ताला तोड़ कर अंदर घुसे और सामान पार कर दिया। तीनों मकान आबादी के दूर बना हुआ है और परिवार के लोग गांव में स्थित अपने-अपने पुराने मकान पर सोने चले गए थे। एक व्यक्ति कृष्णा यादव के घर से दो अदद सोने का आभूषण, कागजात, अनाज व कपड़े गायब है। वहीं माता प्रसाद यादव व गुड्डू यादव के घर में रखे सामानों पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया गया है। तीनों पीड़ितों ने घटना के बाबत पुलिस को तहरीर दे दिया है।