िधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर बाजार के पास शनिवार की रात करीब नौ बजे अनियंत्रित जीप की टक्कर से सिपाही की मौत हो गई जबकि छात्र घायल हो गया। उसे वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के समय छात्र संघ चुनाव प्रचार का पोस्टर छात्र दीवार पर चिपका रहा था जबकि सिपाही उसे पोस्टर लगाने से मना कर रहा था।
वाराणसी जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र के मठिया गांव निवासी ऋषिकेश यादव (31) पुलिस विभाग में सिपाही था। वह सिधारी थाने के इटौरा पुलिस चौकी पर तैनात था। चंडेश्वर पीजी कालेज में छात्र संघ का चुनाव चल रहा है। छात्र नेताओं के समर्थन में शनिवार की रात चंडेश्वर बाजार में छात्र दीवारों पर पोस्टर चिपका रहे थे।
इन छात्रों में चंडेश्वर गांव निवासी अरुण सिंह (28) भी शामिल था। उधर से गुजर रहा सिपाही ऋषिकेश यादव बाजार में छात्रों के गुट को देखकर रुक गया। उन्हें समझाते हुए घर जाने की बात कही। छात्र और सिपाही आपस में बातचीत कर रहे थे तभी इटौरा मोड़ की तरफ से सिधारी की तरफ जा रही अनियंत्रित जीप सिपाही और अरुण को टक्कर मारते हुए निकल गई।
घटना के वक्त मौजूद छात्र जब तक घायलों को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करते कि सिपाही ऋषिकेश की मौत हो गई जबकि अरुण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। ऋषिकेश दो भाईयों में छोटा था।