जिलाधिकारी सुहास एलवाई द्वारा मेंहनगर तहसील क्षेत्र के वर्ष 2013-14 में चयनित लोहिया गांव बसिला में मंगलवार को चौपाल लगाई गई। चौपाल के दौरान विद्युत विभाग के जेई पर विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया जबकि अनयिमितता पर डीपीआरओ, जेई, एडीओ, ग्राम प्रधान, एडीओ ग्राम पंचायत, सेक्रेटरी आदि से स्पष्टीकरण मांगा।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में कराए गए कार्यों की बिंदूवार समीक्षा की। जिसमें सड़क, सीसी रोड, विद्युत की सप्लाई, ट्रांसफार्मर, कनेक्शन, शौचालय, तालाबों का जीर्णोद्धार, प्राथमिक विद्यालय में बच्चों की संख्या आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। समीक्षा के दौरान कार्यों में अनियमितता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के जेई रवि कुमार राव का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत, सेक्रेटरी, ग्राम प्रधान को चार्जशीट के साथ ही अनियमितता मिलने पर डीपीआरओ और अर्थ संख्या के एडीओ को स्पष्टीकरण देने का देने का निर्देश दिया।
गांव में बने सीसी रोड की जांच करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया। उन्होंने अधिशासी अभियंता विद्युत रामपाल को निर्देशित किया कि गांव में कैंप लगाकर विद्युत का कनेक्शन दिया जाए। इसके बाद यदि कोई कटिया का प्रयोग करते हुए पाया जाय तो तत्काल कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय का भ्ाी निरीक्षण किया और छात्राओं से सवाल पूछे। साथ ही अध्यापकों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र वर्मा, उपजिलाधिकारी मेंहनगर सीपी सरोज, परियोजना निदेशक एसके पांडेय, उपायुक्त मनरेगा पीके सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी राकेश कुमार आदि उपस्थित थे।