अहरौला। थाना क्षेत्र के हमीरपुर गांव निवासी मुर्गी फार्म संचालक राजू यादव ने अहरौला थाने में तहरीर दी। दावा किया कि दो साल पहले कनेक्शन देने के नाम पर जेई ने उनसे ढाई लाख रुपये सुविधा शुल्क लिया।
इसके बाद 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगाया गया। बाद में जांच का हवाला देकर उसे हटाकर 10 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया। इसकी वीडियो भी उनके पास मौजूद है।
उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की थी, लेकिन अब जेई स्टीमेट बनाने की बात कह रहे हैं और पैसा वापस मांगने पर टालमटोल कर रहे हैं।
उनका कहना है कि दो किलोवाट के मौजूदा कनेक्शन से फार्म के संसाधन पूरे नहीं हो रहे, जिसके कारण गर्मी से मुर्गी के चूजे मर रहे हैं। रोजाना लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
आरोप लगाया कि पहले उनके खिलाफ बिजली चोरी का फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया था, जो जांच के बाद खारिज हो गया। उनका दावा है कि विभाग चाहता है कि उन्हें हर महीने सुविधा शुल्क मिलता रहे।
थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। जेई और शिकायतकर्ता को आमने-सामने बैठाकर मामले की जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।