आजमगढ़। मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई।
एलसी इन्फ्रा, जीए बाबा, सुधाकरन, एसआईईपीएल और गाजा जैसी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा फेज 2, 3, और 5 के तहत ओएचटी (ओवरहेड टैंक) और एफएचटीसी (फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन) कार्यों में अपेक्षित प्रगति न होने पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी जताई।
एलसी इन्फ्रा को फेज 3 के एफएचटीसी कार्य सितंबर 2025 और शेष ओएचटी नवंबर 2025 तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अन्य संस्थाओं को मैनपावर बढ़ाकर गुणवत्तायुक्त कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया।
80 प्रतिशत पूर्ण कार्यों को तत्काल और 60 प्रतिशत पूर्ण कार्यों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जहां ग्रामीण जल कनेक्शन लेने से मना कर रहे हैं, वहां ब्लॉक स्तर पर ग्राम प्रधानों और आईएसए कंपनियों के साथ बैठक कर जागरूकता फैलाने और कनेक्शन के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
ऐसी ग्राम पंचायतों की सूची 23 मई तक जमा करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
प्रोजेक्ट मैनेजरों को नियमित फील्ड विजिट और ओएचटी इंस्टॉलेशन के दौरान जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता व टीपीआई प्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण हेमंत सिंह और सभी कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर मौजूद रहे।