आजमगढ़। बाइक सवार दो बदमाशों ने आजमगढ़ के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर कुंवर नदी पुल पर शनिवार शाम चार बजे बाइक से जा रहे पंकज यादव (24) की गोली मारकर हत्या कर दी। युवक जौनपुर का रहने वाला था। उसकी 29 नवंबर को शादी होने वाली थी। चर्चा थी कि वह होने वाली पत्नी से मिलने आजमगढ़ गया था।
जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के मुरैना बनुआडीह निवासी पंकज यादव (24) पुत्र कमलेश अपने पिता के साथ राजगीर का काम करता था। उसकी शादी आजमगढ़ के गांव में तय थी। शनिवार को घरवालों को बिना बताए वह कहीं चला गया। शाम चार बजे सैदपुर कुंवर नदी पुल पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे गोली मार दी। आसपास के लोग उसे फूलपुर स्थित निजी ट्रामा सेंटर में ले गए जहां से पहले जिला अस्पताल और वहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया पर पंकज की रास्ते में मौत हो गई। उधर, शाम बजे पंकज के पिता कमलेश के मोबाइल पर फोन आया कि आपके बेटे को सैदपुर गांव में बदमाशों ने गोली मार दी है। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है। खबर लगते ही परिजन घटनास्थल की तरफ रवाना हो गये। अभी वे कुछ दूर पहुंचे थे कि फिर से सूचना मिली की पंकज की मौत हो चुकी है। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।