रानी की सराय थाना क्षेत्र में लूट के दौरान बदमाशों की गोली से घायल युवक।
- फोटो : AZAMGARH
रानी की सराय। देवर संग बाइक से घर लौट रही महिला को रानी की सराय थाने के ईश्वरपुर गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने रोककर गहने आदि लूट लिए । घटना का विरोध करने पर बदमाश ने युवक के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। महिला शनिवार को दीपावली की खरीदारी कर लौट रही थी । घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायल को अस्पताल भेजवाकर बदमाशों की तलाश में जुट गई।
युवक गनेश शर्मा (33) सरायमीर थाने के पेरड़ा गांव का निवासी है। वह शनिवार को अपनी भाभी सोनी शर्मा (40) को बाइक पर बैठकर जिला मुख्यालय खरीदारी करने आया था। शाम को देवर भाभी बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही गनेश की बाइक रानी की सराय थाने के ईश्वरपुर गांव के पास पहुंची कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए और तमंचा लहराते हुए इन्हें रुकने का इशारा किया। गनेश ने बाइक रोक दी। इसके बाद बदमाश सोनी के गले से मंगलसूत्र, चेन और गनेश के गले से चेन छीनकर जाने लगे। इस दौरान गनेश ने विरोध किया तो ने बदमाश उसके पैर में गोली मार दी। दाहिने पैर में गोली लगने से घायल होकर गनेश गिरकर तड़पने लगा। गोली की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। घायल गनेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराई। प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय केशव द्विवेदी ने बताया कि घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। बदमाशों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी की जा रही। अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
लूट के बाद रानी की सराय थाने में रोती-बिलखती महिला।- फोटो : AZAMGARH