जिले में पीसीएस प्री की परीक्षा रविवार को जिला और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों की देखरेख में सकुशल संपन्न हो गई। इस दौरान जिले में बनाए गए 33 परीक्षा केंद्रों पर 16 हजार परीक्षार्थी भाग लिए। लखनऊ में पेपर आउट होने की सूचना मिलने पर परीक्षा समाप्त होने के बाद हरबंशपुर मुहल्ले में थोड़ी देर परीक्षार्थियों ने जाम लगाया। अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त हो गया।
पीसीएस प्री की परीक्षा दो पाली में संपन्न हुई। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की जिम्मेदारी डीएम सुहास एलवाई ने नोडल अधिकारी के रूप में एडीएम प्रशासन आशुतोष द्विवेदी को सौंपी थी। इस दौरान जिला मुख्यालय स्थित शिब्ली कालेज, राजकीय बालिका विद्यालय, डीएवी कालेज सहित 33 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
सकुशल और निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। हर परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल को भी लगाया गया था। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक हुई। दूसरी पाली की परीक्षा 2.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक हुई।
परीक्षा केंद्रों पर तैनात पर्यवेक्षकों को सेक्टर मजिस्ट्रेट द्वारा निर्धारित समय से पूर्व प्रश्नपत्रों का पैकेट उपलब्ध करा दिया गया था। अपराह्न ढाई बजे जब दूसरी पाली की परीक्षा शुरू होने वाली थी। इस दौरान हरबंशपुर स्थित परीक्षा केंद्र चिल्ड्रेन सेकेंड्री स्कूल के सामने वहां के अभ्यर्थियों ने जाम लगा दिया।
इसकी सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सिधारी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों को अभी समझा ही रहे थे कि एडीएम प्रशासन सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों के समझाने पर अभ्यर्थी जाम समाप्त कर परीक्षा देने चले गए।