रानी की सराय थाना क्षेत्र के सैयदवारा बाजार का ठेका हमीदपुर दलित बस्ती में खुलने से नाराज लोगों ने बुधवार को आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग जामकर दूकान हटाने की मांग की। वहीं सरायमीर कस्बे के चूड़िहार मुहल्ले में खुल रही दूकान हटाने के लिए ग्रामीणों ने मुहल्ले वालों का हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र डीएम को सौंपा है।
रानी की सराय संवाददाता के अनुसार, सैयदवारा बाजार में देसी शराब का ठेका है। आबकारी विभाग से ठेका हटाने की नोटिस मिलने पर अनुज्ञापी देवेंद्र पांडेय ने अपनी दूकान थोड़े दूर पर स्थित हमीदपुर गांव के दलित बस्ती में खोल दिया। बुधवार को ग्रामीण दूकान हटाने के विरोध में आवाज बुलंद करते हुए सड़क पर उतरे और सैयदवारा बाजार के पास आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग जाम कर दिया। दोपहर ढाई बजे प्रमुख जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
चक्का जाम की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक रानी की सराय हसीब अहमद मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक के समक्ष महिला और पुरुषों ने अपनी पीड़ा रखी। उनका कहना है कि गांव में शराब की दूकान खुल जाने पर शराब पीकर लोग नशे में धुत होकर गाली गलौत और छेडखानी जैसी घटनाओं को अंजाम देंगे। आए दिन मारपीट होते रहेगी।
प्रभारी निरीक्षक ने गांव वालों को लिखित आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद 3.30 बजे जाम को समाप्त कराया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि वह गांव वालों की मांग से उच्चाधिकारियों को अवगत करा देंगे। आगे जो निर्देश प्राप्त होगा। उसके तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में सरायमीर कस्बे के चूड़िहार मुहल्ले में फारुकिया मस्जिद के बगल में खुल रही अंग्रेजी शराब की दूकान को हटाने के लिए लोगों ने बुधवार को हस्ताक्षर अभियान छेड़ दिया है।
क्षेत्र के अबूउमर, इमामुद्दीन, अब्दुल मन्नान, तौहीद, मो. मुसतफ, सज्जाद आदि का कहना है कि हस्ताक्षर अभियान चलाकर मुहल्ले के 65 लोगों की सहमति ली गई। बुधवार को हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र डीएम को सौंपा गया।