आजमगढ़। जनपद में दो दिनों तक बादलों की उमड़ घुमड़ के बाद मंगलवार की सुबह लगभग आठ बजे से बूंदाबांदी शुरू हुई जो दोपहर तक चलती रही। इस बारिश से जहां आम जनमानस को गर्मी और उमस से राहत मिली और किसानों को भी लाभ पहुुंचा।
उमस और गर्मी से लोग परेशान थे। सुबह के समय आसमान में काले बादलों का डेरा होता था लेकिन दोपहर होते-होते यह बादल गायब हो जाते थे तीखी धूप निकल आती थी। मंगलवार की सुबह से भी आसमान में काले बादलों ने अपना डेरा डाला हुआ था सुबह आठ बजते-बजते आसमान से पानी की बूंदे टपकने लगी। बारिश की इन बूंदों के कारण लोगों ने गर्मी और उमस से राहत महसूस की। वहीं यह बारिश किसानों के लिए खुशियों का पैगाम लेकर आई। अंबारी प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर तहसील क्षेत्र में मंगलवार को हुई बारिश से किसानों के चेहरे पर मुस्कान दिखी। वर्षा से जहां लोगों को उमस और तपन से राहत मिली है वहीं किसानों को अपनी बुआई की हुई सब्जियों, गन्ना, बाजरा, मक्का की सिंचाई करने से फुर्सत मिली। वहीं किसानों को अपने खाली पड़े खेत की जुताई करने का भी अच्छा अवसर मिल जाएगा और जुताई करके धान की नर्सरी डालने के लिए खेत को तैयार करने में भी आसानी होगी। वर्षा से जहां आसमान में उड़ रही धूल से राहत मिलेगी वहीं आम जामुन आदि फलों को भी पकने में आसानी होगी। वातावरण भी शुद्ध एवम सुहावना हो गया है। किसान विमल सिंह आमगांव का कहना है कि आज हुई वर्षा से बुआई की हुई मक्का की फसल अच्छी होगी। किसान विजय बहादुर यादव पल्थी का कहना है कि एकाएक हुई बरसात से खेत की जुताई हो जाएगी और धान की नर्सरी डालने के लिए खेत तैयार हो जाएगा। किसान बालेश्वर राजभर का कहना है कि संडा धान की रोपाई के लिए डाली गई धान की नर्सरी जहां तेज धूप के कारण खराब हो रही थी अब मौसम ठंडा होने से सुधर जाएगी। किसान सुक्खू मौर्य बूंदा जो बड़े सब्जी के किसान हैं ने बताया कि बारिस सब्जी की फसल के लिए संजीवनी है।