आजमगढ़ शहर कोतवाली परिसर में शुक्रवार को उस समय हंगामा हो गया जब मुख्य गेट के पास ही सादी वर्दी में मौजूद एक महिला सिपाही ने युवक की लाठी व थप्पड़ से पिटाई शुरू कर दी। हंगामे के दौरान काफी संख्या में राहगीरों की भीड़ कोतवाली गेट पर जुट गई। बाद में शहर कोतवाली व महिला थाने के सिपाहियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया और युवक को कोतवाली के भवन में ले जाकर बैठा दिया गया।
शहर कोतवाली परिसर में गेट के बगल में वादकारियों के बैठने की जगह निर्धारित है। शुक्रवार को एक महिला अपने भाई के साथ इसी जगह मौजूद थी। इसी दौरान सादी वर्दी में एक महिला सिपाही वहां पहुंची। सिपाही की किसी बात को लेकर भाई के साथ आई महिला से कहासुनी होने लगी। दोनों महिलाओं में कुछ हाथापाई की भी नौबत आयी तो भाई ने बीच बचाव किया।
इसी दौरान युवक का हाथ महिला सिपाही को लग गया। इसी बात पर सादी वर्दी में मौजूद महिला सिपाही भड़क उठी और हाथ पकड़े जाने का आरोप लगाते हुए युवक की पिटाई शुरू कर दिया। पहले तो थप्पड़ मारा और फिर एक सिपाही की लाठी लेकर उससे उसकी पिटाई करने लगे। कोतवाली गेट पर महिला सिपाही द्वारा युवक की पिटाई को देखकर काफी संख्या में राहगीर जुट गए।
भीड़ ज्यादा होने पर शहर कोतवाली व महिला थाने की सिपाहियों ने भीड़ को खदेडना शुरू किया। इसके साथ ही शहर कोतवाली पुलिस युवक को अपने साथ अपने परिसर में लेकर चली गई तो वहीं युवक की बहन को महिला थाना पुलिस ने अपने परिसर में ले जाकर बैठा दिया।
घटना का वास्तविक कारण क्या था यह न तो शहर कोतवाल ही बता रहे है न ही महिला थाना प्रभारी को ही इसकी जानकारी है। दोनों उस समय थाने पर मौजूद नहीं थे और पता करने के बाद ही कुछ कह पाने की बात कह रहे थे। वैसे शहर कोतवाल ने घटना होने की बात स्वीकार किया है और प्रकरण की जानकारी व जांच के बाद कार्रवाई की भी बात कही है।