बरदह। ठेकमा विकास खंड के अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों ने मानदेय में वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति उत्तर प्रदेश ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा परिवार के सम्मान और समर्पण का आदर करने वाला कदम बताया। पदाधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार 1 अप्रैल से अनुदेशकों का मानदेय 9000 से बढ़ाकर 17,000 तथा शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 से बढ़ाकर 18,000 रुपये किया जाएगा। इस वृद्धि से प्रदेश के हजारों शिक्षाकर्मियों को बड़ी राहत मिलेगी।
समिति के अनुसार इस निर्णय से अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों को आर्थिक संबल मिलेगा, जिससे वे अधिक उत्साह, निष्ठा और समर्पण के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे सकेंगे। उनका कहना है कि यह कदम प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने में सहायक सिद्ध होगा। पूर्व माध्यमिक शिक्षक कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष संदीप सिंह एवं मनीष गुप्ता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा किया है। ब्लॉक अध्यक्ष ठेकमा रामानंद यादव, जिलामंत्री शिक्षामित्र संघ ओमप्रकाश यादव, रामानंद प्रजापति, सुशील गुप्ता, सुनील कुमार, प्रदीप यादव, प्रीति राय, नीतू और प्रवेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में अनुदेशक एवं शिक्षामित्रों ने खुशी जताई।