आजमगढ़। शासन की ओर से कोरोना संक्रमण को लेकर जनपद में किए गए कार्यों से असंतोष जताने और सख्ती करने के निर्देश के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने लाकडाउन का अनुपालन कराने के लिए अब और सख्ती करने की ठान ली है। बगैर कारण के ही घर से बाहर निकलने वालों के खिलाफ जहां सख्त कार्रवाई का आदेश दिया गया है। वहीं ड्रोन कैमरे से निरंतर गतिविधियों पर नजर रखने का आदेश दिया गया है।
बता दें की दिल्ली के मरकज से आकर आजमगढ़ जिले में छिपकर 39 से जमाती रह रहे थे। इनकी वजह से जिले में संक्रमण फैला और सात लोग इसकी चपेट में आ गए। हालांकि इसमें तीन ठीन हो चुके हैं। चार अभी भी संक्रमण की चपेट में हैं। इन्हे ढ़ूंढ कर उपचार किया जा रहा है। आंकड़ों पर गौर करें तो लाकडाउन के बीच जिले में करीब 13 सौ लोग विदेशों से यहां अपने घर आए हुए हैं। 14 हजार लोग अन्य राज्यों से घर आकर रह रहे हैं। सक्रियता के चलते ही सभी की पहचान कर चेकिंग आदि कराई गई। सामान्य रिपोर्ट आने पर इन्हें घर पर ही क्वारंटीन किया गया है।
डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र सुभाष चंद्र दुबे ने बताया की जमातियों के मिलने की वजह से असंतोष वाली सूची में आजमगढ़ को शामिल किया गया है। डीआईजी ने कहा कि पूरी तरह से लाकडाउन का पालान कराने के लिए 24 घंटे क्षेत्र की स्थिति पर नजर रखने के लिए राजपत्रित अधिकारियों की शिफ्टवार क्षेत्र में ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे से नजर रखने का कहा गया है। बगैर किसी ठोस वजह के वाहन से घूमने वालों के विरूद्ध कार्रवाई को कहा गया है। बार-बार आदेश का उल्लंघन करने वाले के विरूद्ध महामारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया गया है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी गई है। वहीं, डीएम एनपी सिंह ने भी पुलिस को और सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।