हर घर तिरंगा अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को अभियान से जुड़े कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि प्रशासन की ओर से 3.5 लाख तिरंगे वितरित किए जा रहे हैं।
इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार दो लाख तथा 16 नगरीय निकायों के लिए एनयूएलएम सखियों द्वारा तैयार 1.5 लाख झंडे शामिल हैं। उन्होंने ग्राम प्रधानों, सचिवों और जनपदवासियों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर ‘हर घर तिरंगा डॉट कॉम’ पर अपलोड करने की अपील की।
डीएम ने बताया कि 14 को हरिऔध कला केंद्र में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी और संगोष्ठी आयोजित होगी। इसमें विस्थापित परिवारों को आमंत्रित कर उनके अनुभव साझा कराए जाएंगे।
15 को तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम और युद्धों में शहीद हुए सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अभियान से संबंधित फोटो और वीडियो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कराने के भी निर्देश दिए।