आजमगढ़। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार दोपहर व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों व बैंक मित्रों की सुरक्षा पर चर्चा हुई। सीओ सिटी ने दुर्घटना और बिजली समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने कहा कि कंधरापुर के सेहदा में उल्टी दिशा से आने वाले वाहनों के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस पर लगाम लगाई जाए। कप्तानगंज के तेरही में बिजली समस्याएं अधिक हैं लेकिन उनका समाधान नहीं हो रहा है। उनका त्वरित समाधान किया जाए। सीओ ने यातायात निरीक्षक संजय पाल को कंधरापुर में कर्मी बढ़ाने व जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। जेई विद्युत को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में यातायात माह-2025 अभियान की जानकारी दी गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक अभयराज मिश्रा, यातायात निरीक्षक, नगर पालिका प्रतिनिधि, सर्राफा व पेट्रोल पंप व्यापारी उपस्थित रहे।