गोशाला में सूखी पड़ी हौथ। संवाद
- फोटो : संवाद
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ की ग्राम पंचायत पारनकुंडा स्थित अस्थायी गो आश्रम स्थल में पशु क्रूरता और अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने गोतस्करों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बरामद पिकअप वाहन के आधार पर गोतस्करों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें सक्रिय कर दी गई हैं।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि गो आश्रय स्थल का सीसीटीवी कैमरा बंद था तथा उसकी सिम और मेमोरी कार्ड गायब थे। इसके अलावा मुख्य द्वार पर लगा ताला खुला हुआ मिला, जिससे पिकअप वाहन बिना किसी अवरोध के भीतर तक प्रवेश कर गया। चार गोवंशों को क्रूरता पूर्वक बांधकर पिकअप में डाला गया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित साजिश प्रतीत हो रही है। ग्राम स्तरीय गोवंश संरक्षण समिति के तहत गोोआश्रय की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान राजमति देवी, ग्राम पंचायत अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद तथा रात्रिकालीन केयर टेकर पप्पू शाही उर्फ तेज प्रताप शाही पर है। घटना के बाद से केयर टेकर का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है और वह गांव में भी नजर नहीं आ रहा, जिससे उसकी भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। इस मामले में जहां पुलिस ने अज्ञात गोतस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि बहुत जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
पारनकुंडा गोशाला में बदहाली उजागर, व्यवस्थाओं पर उठे गंभीर सवाल
सगड़ी। पारनकुंडा स्थित गोशाला की सोमवार को की गई पड़ताल में कई गंभीर खामियां सामने आईं। पड़ताल के दौरान पाया गया कि गोशाला में लगी सोलर लाइट खराब थी और उसके तार कटे हुए थे। मौके पर मिस्त्री द्वारा लाइट को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा था। वहीं सीसीटीवी कैमरा मौके पर मौजूद नहीं मिला। ग्रामीणों का कहना था कि सीसीटीवी कैमरा काफी दिनों से खराब पड़ा था। यह भी सामने आया कि पशुओं को पानी पिलाने के लिए बनाए गए नाद पूरी तरह खाली थे और कहीं भी पानी की व्यवस्था नहीं थी। पशुओं के लिए हरे चारे की व्यवस्था नहीं पाई गई, जबकि उन्हें केवल सूखा भूसा खिलाया जा रहा था। ठंड से बचाव के लिए गोशाला परिसर में लकड़ी व बोटा जलाया जा रहा था। खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि स्थिति को सुधारने के लिए कुछ सफाई कर्मियों को लगाया गया है और आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। वहीं एसडीएम सगड़ी श्याम प्रताप ने बताया कि मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।