आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान अब जिले में रफ्तार पकड़ लिया है। बृहस्पतिवार को जिले में 10 हजार से अधिक वृद्ध व बीमार लोगों ने टीकाकरण कराया। 10 हजार से अधिक लोगों का एक दिन में टीकाकरण होने पर स्वास्थ्य महकमें में प्रसन्नता व्याप्त है। बृहस्पतिवार को कुल 113 केंद्रों पर टीकाकरण आयोजित किया गया था।
सीएमओ डॉ. एके मिश्रा ने बताया कि लोग अब टीकाकरण को लेकर जागरूक हो रहे है और खुद बूथों पर पहुंच कर अपना टीकाकरण करा रहे है। टीकाकरण के लिए बृहस्पतिवार को कुल 113 केंद्र स्थापित किए गए थे। जिसके लिए कुल 11300 का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके सापेक्ष 10665 लोगों ने बृहस्पतिवार को अपना टीकाकरण कराया। उन्होंने बताया कि इन दिनों तीसरे चरण का टीकाकरण चल रहा है। जिसके तहत 60 साल व इससे ऊपर तथा 45 से 59 वर्ष तक के गंभीर बीमार लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है।