अहरौला। थाना क्षेत्र के पश्चिम पट्टी गांव में सोलर लाइट का पोल सीधा करने के दौरान हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर पुत्र की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे पिता को इलाज के लिए सीएचसी फूलपुर पर भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पश्चिम पट्टी गांव निवासी 60 वर्षीय पांचू राम घर से कुछ दूरी पर दो कमरा बनवा कर किराना की दुकान किए हुए हैं। दुकान के बगल में ही ग्राम पंचायत की तरफ से बुधवार को सोलर लाइट लगाई गई थी। जिसका फाउंडेशन आदि अभी नहीं बनाया गया है। बृहस्पतिवार को सोलर लाइट गिरने की स्थिति में पहुंच गया। जिस पर पांचू का 27 वर्षीय पुत्र संजय उसे सीधा करने के लिए पहुंच गया। सोलर लाइट के ऊपर से ही हाईटेंशन तार गुजरा हुआ है। संजय ने सोलर लाइट के पोल को जैसे ही सीधा किया, वह ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार से सट गया। इससे संजय को करंट का तेज झटका लगा और वह गंभीर रूप से झुलस गया। पुत्र को बचाने पिता पांचू भी मौके पहुंचे और वह भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इस दौरान इतनी तेज आवाज हुई कि आसपास के लोग भी भाग कर मौके पर पहुंचे। लोग आनन-फानन में वाहन से दोनों को लेकर सीएचसी फूलपुर पहुंचे। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांचू को इलाज के लिए भर्ती कर लिया। संजय की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संजय तीन भाई व तीन बहनों में पांचवें नंबर पर थे। वह घर के एक मात्र कमाऊ सदस्य थे। वह गांव के पास स्थित एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षण कार्य करते थे। तीन साल पूर्व उनकी शादी हुई थी। परिजन विद्युत निगम पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला का कहना है कि भाई सुरेश की तहरीर पर विद्युत निगम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।
-----
एक हफ्ते में करंट से हुई दूसरी मौत
अहरौला। स्थानीय थाना क्षेत्र में विद्युत निगम की लापरवाही के चलते करंट से एक सप्ताह में यह दूसरी मौत है। इसके पूर्व दस मार्च को भकुही गांव में बिजली का तार ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आकर संविदा लाइनमैन की मौत हो गई थी। जिसे लेकर जाम भी हुआ था।