आजमगढ़। भीषण गर्मी के कारण जिले में डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की समस्याएं बढ़ गई हैं। मंडलीय जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन 80 से 90 मरीज जांच के लिए पहुंच रहे हैं।
इसमें से 25 से 30 मरीज बीपी और शुगर के मिल रहे। चिकित्सक मरीजों को दवाइयों के साथ-साथ जागरूकता के लिए सलाह भी दे रहे हैं। बढ़ता तापमान स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। अधिक समय तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक, डायबिटीज और ब्लड प्रेशर की समस्याएं बढ़ रही हैं। मंडलीय अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में 15 से 20 मरीज शुगर और बीपी की जांच के लिए आते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 25 से 30 प्रतिदिन हो गई है। फिजीशियन डॉ. आरके कुशवाहा ने बताया कि गर्मी में पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी हो जाती है।
पसीने के साथ सोडियम और पोटैशियम जैसे आवश्यक तत्व भी निकल जाते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या होती है। साथ ही, शुगर का स्तर भी बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि लोग गर्मी में जूस, गन्ने का रस, कोल्ड ड्रिंक जैसे मीठे पेय पदार्थों का अधिक सेवन कर लेते हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने सलाह दी कि खान-पान में संयम बरतें, नियमित रूप से शुगर व बीपी की जांच कराएं। संवाद