आजमगढ़। मंडलायुक्त विवेक की अध्यक्षता में मंगलवार को मंडलायुक्त सभागार में मंडलीय कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी सुनील कुमार सिंह, तीनों जिलों के डीएम, एसपी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने बिहार चुनाव को देखते हुए बलिया बार्डर पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।
डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने अवगत कराया कि दशहरा, दीपावली, भरत मिलाप, भाई दूज और छठ पर्व जैसे प्रमुख त्योहारों को मंडल में शांतिपूर्ण और सकुशल ढंग से सम्पन्न कराया गया है। आगामी 31 अक्तूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (रन फॉर यूनिटी), 5 नवंबर को गुरु नानक जयंती, 16 नवंबर को उदा देवी शहीद दिवस और 24 नवंबर को गुरु तेग बहादुर जयंती के अवसर पर सभी कार्यक्रमों को भी पूरी सुरक्षा और समन्वय के साथ सम्पन्न कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।
डीआईजी ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जनपद बलिया की सीमाएं बिहार से सटी होने के कारण विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक बलिया को निर्देश दिया कि बार्डर एरिया में अवैध गतिविधियों, तस्करी और संदिग्ध आवागमन पर कड़ी नजर रखी जाए। बैठक में डीएम मऊ प्रवीण मिश्रा, बलिया मंगला प्रसाद सिंह, एसपी आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार, मऊ इला मारन, बलिया ओमवीर सिंह, एडीएम (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।