लाटघाट(आजमगढ़)। रौनापार थाना क्षेत्र के बातन गांव में बाइक से पहुंचे तिलक लगाए तीन उच्चकों ने दो महिलाओं को ठग लिया और जेवरात लेकर फरार हो गए। ठगे जाने की जानकारी होते ही दोनों महिलाओं के होश ही उड़ गए।
बातन गांव निवासीनी मीना व नीतू शनिवार को घर पर मौजूद थी। परिवार के पुरुष सदस्य काम पर गए हुए थे। दिन में लगभग दो बजे बाइक सवार तीन तिलक लगाए युवक उसके घर पर पहुंचे। एक युवक ने घर के बाहर बैठी मीना को देखते ही कहा कि तुम्हारी घर में भूतप्रेत का साया है। उनसे यह बात सुनते ही मीना सहम सी गई और उपाय पूछने लगी। तीनों ने कहा कि पूजा-पाठ करना पड़ेगा। मीना ने उनसे पूजापाठ करने का अनुरोध किया। तीनों युवकों ने मीना व उसकी देवरानी से चावल व घर की मिट्टी मंगाई। उसकी कई पोटली उन्होंने बनाई। उसके दोनों महिलाओं से जेवरातों को एक-एक पोटली में रखने को कहा और अनुष्ठान करने लगे।
जेवरात, मिट्टी व चावल की पोटलियों को इधर-उधर करने लगे। कुछ देर बाद तीनों ने पोटलियां महिलाओं को सौंप दी और कुछ देर बाद खोलने की बात कही। इसके बाद वे दोनों महिलाओं के जेवरात रखे पोटलियों को समेट कर बाइक से चलते बने। कुछ देर के बाद मीना का पति सभानंद घर लौट आया। उसने कई पोटलियां रखी देखीं तो पूछताछ की। महिलाओं ने उन्हें पूरी बात बतायी। इसके बाद पोटली खोली गई तो सभी में चावल व मिट्टी ही मिला। जेवरात रखे पोटले गायब थे। सभानंद के अनुसार टीकाधारी उच्चके लगभग 80 हजार के जेवरात घर की महिलाओं को ठग कर उठा ले गए है।