2022 में बसपा बनाएगी प्रदेश में सरकार : भीम राजभर
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर ने कहा कि हमारी पार्टी सर्वजन सुखाय, सर्वजन हिताय के सिद्धांत पर चलकर 2022 में प्रदेश में पार्टी मुखिया मायावती के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। साग-रोटी खाकर भी बहुजन समाज पार्टी के लोग बाबा साहब के संविधान की रक्षा करना जानते हैं और आगे भी करते रहेंगे।
बलिया जिले के चितबड़ागांव नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शनिवार की शाम आयोजित स्वागत समारोह में भीम राजभर ने कहा कि भारत की तीसरी राष्ट्रीय पार्टी बसपा है, जो सभी जातियों के हितों का ध्यान रखती है। पूर्व मंत्री बसपा नेता अंबिका चौधरी ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं को आज की समस्याओं के लिए लड़ना होगा। आज किसान शोषण का शिकार हो रहा है।
थाने ऐसे चल रहे हैं, जैसे थानाध्यक्ष नहीं बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता चला रहे हैं। समारोह को सुरेंद्र निषाद, नगर पंचायत चितबड़ागांव के चेयरमैन केसरी नंदन त्रिपाठी, हरिहर गोंड, अभिराम त्रिपाठी, अनिल राम, विनायक मौर्य, सुरेंद्र राजभर, मदन राम, मंटू सिंह, उपेंद्र पांडेय, सुनील सिंह सोलंकी, चितरंजन सिंह, अरविंद यादव आदि ने संबोधित किया। संचालन महफूज आलम ने किया। उपेंद्र पांडेय और सुनील सिंह सोलंकी द्वारा अंगवस्त्रम तथा दिनेश यादव द्वारा स्मृति चिह्न देकर अतिथियों को सम्मानित किया गया।