आजमगढ़। ठंड के मौसम में कोरोना संक्रमण का दायरा फिर बढ़ना शुरू हो गया है। शुक्रवार को फिर 10 नये कोरोना संक्रमितों को चिह्नित किया गया है। गुरुवार को 15 कोरोना संक्रमित मिले थे। हालांकि 14 कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है। अभी तक कुल 5563 कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इसमें 5352 स्वस्थ हो चुके हैं। जनपद में सक्रिय मरीजों की संख्या 120 पहुंच गई है। रिकवरी दर 96 फीसद पर है। अब तक 103 मरीजों की मौत हुई है।
शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में कम्मरपुर में एक, आजमगढ़ में एक, गरवल मुबारकपुर में एक, अहमदाबाद में एक, शिवाजीनगर हीरापट्टी में एक, शाहगढ़ के भागमलपुर में एक, हीरापट्टी में एक, बासीपुर में एक, टंडी सड़क मड़या में एक, भुवनपार ठेकमा में एक संक्रमित मिला है।
पति-पत्नी की रिपोर्ट पाजिटिव, हड़कंप
मेंहनगर। तहसील क्षेत्र के गोपालपुर गांव में गुरुवार की सुबह सेवानिवृत्त बाबू और उनकी पत्नी की जांच रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आने की सूचना से हड़कंप मच गया। दोनों का वाराणसी में ईलाज चल रहा है। आसपास रहने वालों की डिटेल भी मांगी गई। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की टीम जब सूचना के बाद भी 48 घंटे देर से जांच करने पहुंची तो लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि पाजिटिव पति-पत्नी के घर के साथ ही मोहल्ले को न तो सेनिटाइज किया गया और न कन्टेन्मेंट एरिया बनाया गया। बावजूद इसके भी संबंधित अधिकारियों की चुप्पी समझ से परे हैं। 20 लोगों की सूची में सिर्फ चार का ही ऐन्टीजेन किट से जांच हुआ।
किशोर के पॉजिटिव होने पर 15 लोगों की जांच
अहरौला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला के चिकित्सा प्रभारी डॉ .योगेश कुमार गौतम के नेतृत्व में शुक्रवार को कस्बे में कैंप लगाकर कोरोना जांच कराई गई। योगेश कुमार गौतम ने बताया एक हफ्ते पहले कस्बे का 14 वर्षीय किशोर पॉजिटिव पाया गया था। इसके बाद अगल-बगल की लिस्ट स्वास्थ्य विभाग द्वारा बनाई गई थी। 29 लोगों की लिस्ट प्राप्त हुई थी। इसमें शुक्रवार को 15 लोगों की जांच कराई गई है ।सभी नेगेटिव पाए गए हैं। टीम में हरिश्चंद्र शर्मा, देवनारायण, प्रसिद्धि नारायण, जितेन्दर राव आदि थे।