शहर से बंदी गायब...फूलपुर-सरायमीर में दिखा असर
--राष्ट्रीयकृत बैंकों में रही हड़ताल, नहीं हुआ कामकाज, करोड़ों का लेनदेन प्रभावित
--ट्रनों और स्टेशनों पर बढ़ाई गई सुरक्षा, चलाया गया सघन चेकिंग अभियान
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
आजमगढ़। विभिन्न ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों के साथ ही वामपंथी दलों की ओर से पुरानी पेंशन बहाली, सार्वजनिक उद्यमिताओं का निजीकरण न करने, ठेके पर कर्मचारियों की नियुक्ति पर रोक लगाने, न्यूनतम मजदूरी के निर्धारण के साथ ही महंगाई और भ्रष्टाचार के विरोध में आयोजित भारत बंद का जहां शहरी क्षेत्र में कोई असर नहीं दिखा नहीं सरायमीर और फूलपुर में प्रतिष्ठान पूरी तरीके से बंद रहे। बंद को लेकर स्थानीय पुलिस के साथ ही आरएएफ के जवान भी तैयान रहे। प्रदर्शन और जुलूस के मद्देनजर कलक्ट्रेट पर अच्छी-खासी फोर्स लगाई गई थी। अधिकारी भी पल-पल की जानकारी लेते रहे।
विभिन्न ट्रेड यूनियनों और कर्मचारी संगठनों के साथ ही वामपंथी दलों की ओर से पुरानी पेंशन बहाली, सार्वजनिक उद्यमिताओं का निजीकरण न करने, ठेके पर कर्मचारियों की नियुक्ति पर रोक लगाने, न्यूनतम मजदूरी के निर्धारण के साथ ही महंगाई और भ्रष्टाचार के विरोध में आयोजित भारत बंद का एलान किया गया था। इसी दिन टीईटी परीक्षा भी होने से पुलिस के व्यापक प्रबंध किए गए थे। भारत बंद का शहर में तो कोई असर नहीं दिखाई दिया। बाजार पूर्व भांति खुले रहे। सरायमीर और फूलपुर में बंदी का असर देखने को मिला। फूलपुर नगर पूरी तरह से बंद रहा। हालांकि कस्बे में बुधवार को साप्ताहिक बन्दी भीरहती है। कोतवाल केके गुप्ता ने रूट मार्च किया। आजमगढ़, मुहम्मदाबाद, सरायमीर, खुरासन रोड स्टेशनों पर भी काफी सतर्कता बरती गई। आरपीएफ और जीआरपी की ओर से संयुक्त रूप से लम्बी दूरी की ट्रेनों में तलाशी ली गई। आजमगढ़ में स्टेशन परिसर, आरक्षण केंद्र, प्लेटफार्म संख्या एक और दो इसके अलावा सर्कुलेटिंग एरिया में आने जाने वालों पर निगरानी रखी गई। सरायमीर, खुरासन रोड, मुहम्मदाबाद स्टेशनों पर जीआरपी और आरपीएफ के जवान सक्रिय दिखे। आरपीएफ प्रभारी राशिद बेग मिर्जा ने बताया कि बन्दी को लेकर लंबी दूरी की ट्रेनों के अतिरिक्त सवारी गाड़ियों में भी सघन जांच की गई। कैफियात, सरयू यमुना, आजमगढ़-कोलकाता, ताप्ती गंगा, आसनसोल-गोंडा,गोदान एक्सप्रेस के साथ ही शाहगंज-बलिया और बलिया-शाहगंज पैसेंजर आदि ट्रेनों में सघन तलाशी ली गई। ट्रेनों में स्कोर्ट बढ़ाई गई थी। सरायमीर बाजार भी बंद रहा। राष्ट्रीयकृत बैंकों में हड़ताल रही और कामकाज नहीं किया गया। एलआईसी के कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन भी किया। इससे करोड़ों का लेनदेन प्रभावित रहा।
00000
एलर्ट रही पुलिस, करती रही भ्रमण
आजमगढ़। भारत बंद के दौरान बुधवार को जिले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। इस दौरान पुलिस क्षेत्र में भ्रमण करते हुए हालात का जायजा लेती रही। पुलिस की सक्रियता का परिणाम रहा कि शाम तक कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। एसपीसिटी पंकज पांडेय ने बताया कि भारत बंद और टीईटी परीक्षा को देखते हुए सभी थानाध्यक्ष, सीओ को क्षेत्र में गश्त करते हुए नजर रख रहे थे। इनके अलावा अद्र्धसैनिक बल के जवान, पीएसी और क्यूआरटी की ड्यूटी लगाई गई थी। सभी लोग अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात और भ्रमण करते हुए हालात का जायजा लेते रहे।
मुबारकपुर में भारत बंद के आवाहन पर बंद बाजार।- फोटो : AZAMGARH