अतरौलिया। थाना क्षेत्र के शेखपुरा गांव में पति-पत्नी का विवाद इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिलने के बाद पति ने दूसरी पत्नी को रखने से इन्कार कर दिया। पीड़िता सोमवार को ग्राम सचिव के पास परिवार रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने पहुंची और ग्राम सभा में रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई।
शेखपुरा निवासी प्रदीप कनौजिया की पहली पत्नी शशिकला अध्यापिका थीं, जिनका निधन हो गया। पत्नी की मृत्यु के बाद प्रदीप को मृतक आश्रित कोटे से नौकरी मिली। इस बीच प्रदीप का संबंध सेमरी निवासी सोनी से हुआ। सोनी की पहले जलालपुर निवासी युवक से शादी हुई थी, जिसके बाद वर्ष 2022 में भैरव बाबा मंदिर पर उसने प्रदीप से दूसरी शादी की।
पीड़िता सोनी का आरोप है कि प्रदीप ने चार साल तक उसे पत्नी बनाकर अपने साथ रखा। नौकरी मिलने के बाद उसे स्वीकार करने से इन्कार कर दिया। उसने यह भी आरोप लगाया कि प्रदीप ने उससे चार लाख रुपये लिए और गर्भ ठहरने पर गर्भपात करवा दिया। ग्राम प्रधान सुरजीत कुमार की अध्यक्षता में बुलाई गई खुली बैठक में दोनों पक्षों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। प्रधान ने सुरजीत कुमार ने बताया कि शादी मंदिर में हुई थी और मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। ग्राम सभा के सदस्य राघवेंद्र सिंह और हेमंत कुमार सिंह ने भी माना कि विवाह हुआ था, लेकिन विवाद के समाधान की गुंजाइश न्यायालय से ही संभव है। पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। उसने परिवार रजिस्टर में नाम दर्ज कराने की मांग की।