आजमगढ़। हुनर संस्थान की ओर से इस वर्ष भी हुनर रंग महोत्सव का आयोजन कोविड-19 गाइड लाइन के अनुसार प्रतिभा निकेतन स्कूल में 26 से 28 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। संस्थान के सचिव एवं रंगकर्मी सुनील दत्त विश्वकर्मा ने बताया कि यह महोत्सव लगातार 18 वर्षों से होता चला आ रहा है। इस बार का आयोजन बेहद खास होगा।
उन्होंने बताया कि इस बार कुल चुनिंदा 10 नाटक और लोकनृत्य दलों को ही आमंत्रित किया गया है। इन दलों की ओर से आठ नाटकों का मंचन तीन दिनों में किया जाएगा। देश के नामचीन नाट्य दल महोत्सव में हिस्सा ले रहे। साथ ही कुछ विशेष नृत्यों की भी प्रस्तुति होगी। 26 दिसंबर को हुनर संस्थान की ओर से अख्तर अली लिखित, सुनील दत्त विश्वकर्मा के निर्देशन में नाटक अजब मदारी-गजब तमाशा, विश्वरूपम कला संगम वाराणसी द्वारा रामकुमार वर्मा लिखित, रविकांत मिश्रा के निर्देशन में नाटक राजा विक्रमादित्य तथा डेट जमशेदपुर द्वारा सर्वेश्वर दयाल सक्सेना लिखित, अनुज श्रीवास्तव के निर्देशन में नाटक हवालात का मंचन होगा। 27 दिसंबर को अविराम भोपाल मध्यप्रदेश द्वारा सुनील राज लिखित व निर्देशित नाटक संबोधन, कला निकेतन धनबाद द्वारा वशिष्ठ प्रसाद सिन्हा लिखित व निर्देशित नाटक नौटंकी में झमेला, बीआईटीजी दिल्ली द्वारा सुरेन्द्र सागर लिखित व निर्देशित नाटक एंड्रोजनी का मंचन होगा। 28 दिसंबर को ड्रामाटरजी दिल्ली द्वारा राजेश कुमार लिखित, सुनील चौहान के निर्देशन में नाटक तफ्तीश, जागरूक सेवा संस्थान बलिया द्वारा भिखारी ठाकुर लिखित, अभय सिंह कुशवाहा के निर्देशन में नाटक गबर घिचोर का मंचन होगा। विशेष प्रस्तुति रॉक स्टार डांस अकादमी मिर्जापुर और गंगावतरण एकल शास्त्रीय नृत्य बनारस के कलाकारों द्वारा दी जाएगी। इस मैके पर अभिषेक जायसवाल दिनू, रमाकान्त वर्मा, संस्थान अध्यक्ष मनोज यादव, हेमंत श्रीवास्तव, डॉ. शशिभूषण शर्मा, गौरव मौर्य, राकेश कुमार, शशि सोनकर, इंद्रजीत निषाद, कमलेश सोनकर, आकाश गोंड उपस्थित थे।