आजमगढ़। भीषण गर्मी लोगों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। बाहर निकलने वाले लोग हीट स्ट्रोक के शिकार हो रहे हैं। बच्चों में डायरिया की शिकायत बढ़ गई है। अस्पतालों में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ोत्तरी दर्ज गई है। ज्यादातर लोग उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित होकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। जिला चिकित्सालय की ओपीडी में हर दिन साठ से सत्तर बुखार, उल्टी-दस्त व डायरिया के रोगी आ रहे हैं जिसमें से ज्यादातर लोगों को भर्ती करने की जरूरत पड़ रही है। बुधवार की सुबह अस्पताल खुलते ही ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ नजर आने लगी। बाल रोग विशेषज्ञ डा. एसके विमल ने बताया कि ज्यादातर मरीजों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत थी। सामान्य मरीजों का उपचार कर घर जाने दिया जा रहा है। वहीं, फिजीशियन डॉ. राजनाथ ने बताया कि उनकी ओपीडी में बुधवार को करीब 100 मरीज आए थे। जबकि पहले 70 से 80 मरीज आते थे। जिन मरीजों को ग्लूकोज चढ़ाने की और अन्य इलाज की जरूरत महसूस होने पर उन्हें भर्ती किया गया। जानकारी के मुताबिक सामान्य दिनों में ओपीडी में 1000 से 1200 मरीज आते थे। लेकिन अब इनकी संख्या बढ़कर 1200 से 1500 हो गई है। । निजी चिकित्सक डा. एके राय ने कहा कि तीखी धूप के चलते बीमारी बढ़ रही है। इससे बचने का सबसे अच्छा उपाय है कि तेज धूप में घर से न निकलें। यदि निकलना जरूरी ही है तो शरीर ढंक कर रखें। सिर को भी ढकें। बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें, क्योंकि तीखी धूप बच्चों की सेहत पर प्रभाव डालती है।
बुखार, उल्टी-दस्त होने पर बरतें सावधानी
आजमगढ़। मंडलीय अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डा. पीके श्रीवास्तव, फिजीशियन डॉ. रामजी सोनी ने कहा कि लू व धूप से बीमार होने पर यदि बुखार आ जाए तो शरीर को ठंडे पानी से खूब पोंछे, ओआरएस घोल लें। यदि यह न हो तो चुटकी भर नमक व चीनी का घोल बनाकर पीएं। संभव हो तो पानी को उबाल कर ठंडा करने के बाद प्रयोग करें। क्यों कि गर्मी में जब जल स्तर घटता है तो पानी में संक्रमणता बढ़ जाती है। ऐसे में स्वच्छ पानी का प्रयोग पीने के लिए करें।
गर्मी से बचने को बरतें यह सावधानी
- नारियल पानी, छांछ, लस्सी, जूस, शिकंजी, नींबू -पानी खूब पीएं।
- चिकनाईयुक्त, मसालेदार, जंक फूड के साथ बाहर के खाने से बचें।
- भोजन में हरी सब्जी, सलाद, दाल का उपयोग अधिक करें।
- धूप में जाते वक्त चश्मा, छाता, टोपी का इस्तेमाल करें।
- पूरी बाजू के कपड़े पहनकर ही घर से बाहर निकलें।
कई दिनों से 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर है तापमान
आजमगढ़। जनपद में गर्मी अपने चरम पर है। कई दिनों से जनपद का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और उससे ऊपर बना हुआ है। दो दिन तापमान 42 डिग्री सेलिसयस पहुंच गया था। लेकिन बुधवार को अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई और यह 40 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य कृषि मौसम केंद्र आईएमडी लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह की मानें तो अभी तापमान इसी तरह से बना रहेगा। तापमान में गिरावट तो हुई गर्मी और उमस इतनी अधिक थी दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।