आजमगढ़। बालिकाओं को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षित करने के लिए जनपद में 7 से 14 अप्रैल तक एचपीवी टीकाकरण सप्ताह मनाया जाएगा। यह अभियान जनजागरूकता के व्यापक कार्यक्रम के रूप में स्कूलों, गांवों और मदरसों तक चलाया जाएगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा के निर्देशन में सभी स्वास्थ्य संस्थानों पर प्रतिदिन टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे। प्रत्येक केंद्र पर कोल्ड चेन, प्रशिक्षित चिकित्सा अधिकारी, इंटरनेट व तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि टीकाकरण सुरक्षित व सुव्यवस्थित ढंग से हो सके।
अभियान के तहत एएनएम स्कूलों में जाकर बालिकाओं को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगी, वहीं आशा व मोबिलाइजर घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को जागरूक करेंगे।
लाभार्थियों का पंजीकरण यू-विन पोर्टल पर किया जाएगा। मदरसों व दूरस्थ क्षेत्रों में भी विशेष फोकस रखा गया है, ताकि कोई भी पात्र बालिका वंचित न रहे।
एडिशनल सीएमओ व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज ने बताया कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी है, जो भविष्य में कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी अधिकारियों को अभियान की माइक्रो प्लानिंग व निगरानी के निर्देश दिए हैं और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। संवाद